डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडौरी, 04 मई 2026
जिले में शराब विक्रय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है। आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में डिंडौरी जिले की सभी देशी-विदेशी कम्पोजिट शराब दुकानों पर रेट लिस्ट और बारकोड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को शराब दुकानों में उपलब्ध उत्पादों की मात्रा, गुणवत्ता, कीमत और उपलब्धता की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। बारकोड प्रणाली के जरिए ग्राहक उत्पाद की वास्तविक जानकारी स्वयं जांच सकेंगे, जिससे पारदर्शिता और भरोसा बढ़ने की उम्मीद है।
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से शराब बिक्री में हो रही अनियमितताओं पर लगाम लगेगी। खासतौर पर अधिक कीमत वसूलने, गलत जानकारी देने या मनमानी करने जैसी शिकायतों में कमी आएगी।
आबकारी विभाग ने सभी संबंधित दुकानदारों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस निर्णय को उपभोक्ता हित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे शराब विक्रय प्रणाली अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बन सकेगी।







