गर्मी में राहत पहुंचाने जिला प्रशासन की सराहनीय पहल
जनदर्शन में पहुंचे लोगों के लिए शीतल पेयजल एवं मौसमी फलों की विशेष व्यवस्था
कलेक्टर, एसपी सहित अधिकारियों ने मनियारी नीर अंतर्गत स्टॉल का किया अवलोकन, लिया शरबत का स्वाद
मुंगेली, 28 अप्रैल 2026// गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन मुंगेली द्वारा जनहित में मनियारी नीर की थीम पर शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की सराहनीय पहल की गई है।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार विभिन्न स्थलों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर मनियारी नीर प्याऊ घर स्थापित किए गए हैं। साथ ही मवेशियों, पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में जिला कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान आने वाले नागरिकों के लिए छाया, स्वच्छ पेयजल के साथ शीतल शरबत एवं मौसमी फलों की विशेष व्यवस्था की गई है। कलेक्टर एवं एसपी श्री भोजराम पटेल ने आमजनों से मनियारी नीर स्टॉल पर शीतल पेयजल का लाभ उठाने की अपील की है।
इस अवसर पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौसमी फलों एवं शरबत का स्वाद लिया तथा आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। जनदर्शन में पहुंचे सैकड़ों नागरिकों ने इस सुविधा का लाभ उठाया और तेज गर्मी में राहत मिलने पर जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली







