देशी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ गुढ़ियारी का आदतन अपराधी गिरफ्तार, डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गोंदवारा अंडरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर एक युवक को अवैध देशी कट्टे और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रेम नगर निवासी रोहित उईके उर्फ छोटा भाऊ (26 वर्ष) के रूप में हुई है।
दरअसल, पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) ने नार्थ जोन के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध हथियार रखने और इनकी खरीद-बिक्री करने वालों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं गुढ़ियारी थाना प्रभारी श्री बी.एल. चंद्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर द्वारा बताए हुलिये के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से हथियार बरामद हुए, जिसके वैध दस्तावेज वह पेश नहीं कर सका।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रोहित उईके एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पहले से ही आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में भी उसे एक देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 175/26, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







