डिंडौरी मध्यप्रदेश
डिंडौरी।
जिले के किसानों की मूलभूत समस्याओं के निराकरण को लेकर भारतीय किसान संघ, डिंडौरी द्वारा मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा के माध्यम से प्रेषित किया गया, जिसमें किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
ज्ञापन में जिले की सिंचाई व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। बताया गया कि 97 बांधों से 291 गांवों तक पानी पहुंचाने की योजना होने के बावजूद नहरों के क्षतिग्रस्त होने से खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। संघ ने सभी नहरों की मरम्मत मई-जून तक पूर्ण कराने, जल संसाधन विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने तथा बांधों के गेटों की मरम्मत शीघ्र कराने की मांग रखी है।
अन्य मांगों में चौरा बांध का पानी लालपुर तक पहुंचाने, जिले में उद्यानिकी विभाग का विकासखंड स्तर पर कार्यालय खोलने तथा शासकीय कार्यालयों में योजनाओं की जानकारी और अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची सूचना पटल पर प्रदर्शित करने की बात शामिल है।
किसान संघ ने नहरों के किनारे पौधारोपण कराने की भी मांग की है, जिससे मिट्टी का कटाव रोका जा सके और जल संरक्षण को बढ़ावा मिले।
ज्ञापन में बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अतिवृष्टि के कारण धान की फसल को भारी नुकसान हुआ था। कृषि एवं राजस्व विभाग द्वारा सर्वेक्षण भी किया जा चुका है, लेकिन अब तक किसानों को मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया है। किसान संघ ने इस पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की है।
इसके अलावा मनरेगा के तहत पशु शेड निर्माण कार्य पूर्ण हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सामग्री (मटेरियल) का भुगतान लंबित है, जिससे ग्रामीण किसान आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। संघ ने तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो किसानों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ज्ञापन की प्रति जिला कलेक्टर को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
रिपोर्ट अखिलेश झारिया







