जिला चिकित्सालय में पहली बार कान के पर्दे का हुआ सफल ऑपरेशन
मरीज को मिली सुनने की नई उम्मीद
मुंगेली, 10 अप्रैल 2026// कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला चिकित्सालय में आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में चिकित्सकों द्वारा पहली बार कान का पर्दे (ईयर ड्रम) बनाने का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया, जिससे मरीज को नई जिंदगी और बेहतर सुनने की उम्मीद मिली है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि 22 वर्षीय एक युवती का जिला अस्पताल में सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। यह ऑपरेशन कान, नाक एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. एम.के. राय एवं डॉ. कमलेश सत्यपाल पाल द्वारा किया गया। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज की स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है।
डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे ने बताया कि जिला चिकित्सालय में इस प्रकार का पहला सफल ऑपरेशन है, जो स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और विशेषज्ञता में हो रही निरंतर प्रगति को दर्शाता है। अब तक इस तरह के उपचार के लिए मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ते थे, लेकिन अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। इस उपलब्धि में ओटी स्टाफ का भी विशेष योगदान रहा, जिनके समन्वय और समर्पण से यह जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि आने वाले समय में और भी उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि जिलेवासियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली







