शहडोल मध्य प्रदेश
शहडोल में 25 दिवसीय बाल सह युवा नाट्य कार्यशाला का सफल आयोजन
शहडोल में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत 25 दिवसीय बाल सह युवा नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय द्वारा, मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत 7 अप्रैल 2026 से एकीकृत शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पिपरिया परिसर में प्रारंभ हुई है। कार्यशाला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियमित रूप से संचालित की जा रही है।
इस कार्यशाला में कुल 30 छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं, जिनमें अधिकांश प्रतिभागी जनजातीय समुदाय से हैं। यह पहल न केवल बच्चों और युवाओं को रंगमंच से जोड़ रही है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मकता का भी विकास कर रही है।
कार्यशाला का निर्देशन शहडोल के अनुभवी रंगकर्मी लकी चतुर्वेदी द्वारा किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को अभिनय की बारीकियों से परिचित कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान बॉडी लैंग्वेज, बॉडी मूवमेंट, इम्प्रोवाइजेशन, डायलॉग डिलीवरी, कैरेक्टराइजेशन, थिएटर गेम्स, इमेजिनेशन और ऑब्जर्वेशन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके साथ ही प्रतिभागियों को वॉइस एंड स्पीच, एक्सप्रेशन, स्क्रिप्ट रीडिंग एवं राइटिंग, कविता और कहानी वाचन, पारंपरिक लोक कला, गीत एवं नृत्य जैसी विधाओं का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तकनीकी पक्ष को मजबूत करने के लिए थिएटर मैनेजमेंट, वेशभूषा (वस्त्र सज्जा), रूप सज्जा, मंच सज्जा, लाइट डिजाइन, प्रॉप्स निर्माण एवं उपयोग, तथा मुखौटे बनाने की जानकारी भी दी जा रही है।
कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों द्वारा एक नाट्य प्रस्तुति तैयार की जाएगी, जिसे समापन सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा। यह कार्यशाला निश्चित रूप से स्थानीय प्रतिभाओं को एक नया मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
अजय पाल







