रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध महुआ शराब के साथ कोचिया गिरफ्तार, भेजा गया जेल
रतनपुर, बिलासपुर। बिलासपुर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों का कड़ा रुख
बिलासपुर जिले के उमनि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने जिले में अवैध नशे और शराब के कारोबार को पूरी तरह से ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में रतनपुर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षु भापुसे अंशिका जैन (थाना प्रभारी रतनपुर) के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। 7 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोरबाभांवर में एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रतनपुर-कोरबाभांवर रोड पर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस ने मौके से बुधवार सिंह सौंता (25 वर्ष), निवासी कोरबाभांवर को हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से 13 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार मूल्य करीब 2,600 रुपये आंकी गई है।
कानूनी कार्रवाई और टीम का योगदान
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में प्रशिक्षु भापुसे अंशिका जैन, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली और आरक्षक बसंत मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबारियों पर इस तरह की सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







