मरीजों को अब यहीं मिलेगी त्वरित और किफायती जांच, समय और पैसे दोनों की होगी बचत
जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन की हुई शुरुआत
मुंगेली, 07 अप्रैल 2026// जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन की शुरुआत हो गई है, जिससे अब मरीजों को त्वरित और सटीक जांच की सुविधा जिले में ही उपलब्ध हो रही है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाया जा रहा है। सीटी स्कैन मशीन की स्थापना के पश्चात हाल ही में संबंधित लाइसेंस प्राप्त हुआ है और मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इसकी सेवाएं प्रारंभ कर दी गई हैं। उल्लेखनीय है कि औपचारिक उद्घाटन से पूर्व ही आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए मरीजों को इसका लाभ दिया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला बेमेतरा से आए मरीज संतोष साहू, जो लकवा से पीड़ित थे, की स्थिति को देखते हुए तत्काल सीटी स्कैन किया गया, जिससे चिकित्सकों को शीघ्र निदान कर उपचार प्रारंभ करने में मदद मिली। पहले ही दिन पांच मरीजों की सफलतापूर्वक जांच की गई। विशेषज्ञों के अनुसार, सीटी स्कैन के माध्यम से स्ट्रोक, चोट, फ्रैक्चर, ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों की त्वरित पहचान संभव है, जिससे समय पर इलाज शुरू कर मरीजों की जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है। इस सुविधा के शुरू होने से अब मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। यह सेवा जिला अस्पताल में किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि इस सुविधा से स्थानीय मरीजों को निजी केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे ने कहा कि इससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधा जिले में ही उपलब्ध होगी। इस अवसर पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पुष्पा सिदार, डॉ. शिवपाल सिंह सिदार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली







