✍🏼*नवेगांव पुलिस की बड़ी कार्यवाही: मुस्कान अभियान के तहत गायब हुई नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब, किया,वारंटियों पर भी कार्रवाई
छिंदवाड़ा। थाना नवेगांव पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को महाराष्ट्र के नागपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। इसके साथ ही कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने स्थाई वारंटी और गिरफ्तारी वारंटी पर भी कार्रवाई की तथा एक गुमशुदा महिला को भी दस्तयाब किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 फरवरी 2026 को थाना नवेगांव में एक व्यक्ति द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बहन 30 जनवरी 2026 से लापता है, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। मामले में अपराध क्रमांक 15/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं एसडीओपी जुन्नारदेव सुनील वरकड़े के मार्गदर्शन में “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत विशेष टीम गठित कर संभावित स्थानों पर तलाश की गई। इसी दौरान 4 अप्रैल 2026 को महाराष्ट्र के नागपुर जिले के सावनेर तहसील स्थित ग्राम सोनखांब अमरोसिया मेट्रो होम्स कंपनी के पास से नाबालिग बालिका को बरामद किया गया।
इसके अतिरिक्त 4-5 अप्रैल की रात चलाए गए कॉम्बिंग ऑपरेशन में पुलिस ने एक स्थाई वारंटी और एक गिरफ्तारी वारंटी की तामीली की तथा एक वर्ष पूर्व से गुमशुदा महिला को भी खोजकर परिजनों के सुपुर्द किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक तरुण सिंह मरकाम सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा नवेगांव थाना टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई है।
*राष्ट्रीय समाचार पत्रिका पुलिस वाला असेंबली रिपोर्टर भगवानदास साहू *







