महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्यवाही: लग्जरी गाड़ियों से हो रही गांजा तस्करी का भंडाफोड़, दो करोड़ से अधिक का माल बरामद
महासमुंद। जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर घेराबंदी कर उड़ीसा से महाराष्ट्र ले जाई जा रही गांजे की एक बड़ी खेप को पकड़ा है। इस कार्यवाही में पुलिस ने पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो लग्जरी वाहनों का उपयोग कर पुलिस को चकमा देने की फिराक में थे। जब्त किए गए मादक पदार्थ और वाहनों की कुल कीमत दो करोड़ छह लाख पैंतालीस हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो वाहनों में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ उड़ीसा की ओर से आ रहा है। इस सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स ने रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की। कुछ ही समय बाद संदिग्ध फॉर्च्यूनर कार (MH 12 WC 0090) और स्कॉर्पियो (MH 12 YH 0090) वहां पहुंचीं, जिन्हें रोककर तलाशी ली गई। वाहनों की सीटों के नीचे और पीछे छिपाई गई बोरियों को खोलने पर उनमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र निवासी प्रशांत शंकर गोले, क्षितिज वीरसेन जाधव, अक्षय नंदकुमार निगम, अभिषेक डेविड जगले और महेश काटकर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान तस्करों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा उड़ीसा के फुलवानी जिले से लेकर महाराष्ट्र के पुणे शहर में खपाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 281 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ चालीस लाख पिंचानवे हजार रुपये है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो वाहन तथा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि यह कार्यवाही उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। आरोपियों के विरुद्ध थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस तस्करी के मुख्य नेटवर्क और वित्तीय स्रोतों की जांच कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचा जा सके।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







