रायपुर:
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में नशे के विरुद्ध जारी अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रायपुर कमिश्नरेट की संयुक्त टीम ने कोरियर के जरिए कोकीन मंगाने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीपी (ब्लड प्रेशर) जांचने वाली मशीन के भीतर ड्रग्स छिपाकर तस्करी कर रहा था।
छापेमारी और गिरफ्तारी
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से नारायणा अस्पताल सेक्टर-5 के पास घेराबंदी की। यहाँ एक ग्रैंड विटारा कार में सवार संदेही कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28 वर्ष) को हिरासत में लिया गया।
कोरियर पैकेट से खुला राज
शुरुआती पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा। जब उसकी कार की तलाशी ली गई, तो ‘श्री मारुति कोरियर’ का एक पैकेट बरामद हुआ। पैकेट खोलने पर उसमें बीपी मशीन मिली। पुलिस ने जब मशीन को बारीकी से चेक किया, तो उसके भीतर छिपाकर रखी गई 4.55 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
जब्ती और कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के पास से निम्नलिखित सामान जप्त किया है:
मादक पदार्थ: 4.55 ग्राम कोकीन (बाजार मूल्य लगभग ₹2,27,500)
वाहन: ग्रैंड विटारा कार (CG 04 NX 3300)
इलेक्ट्रॉनिक्स: आईफोन 16
कुल मशरूका: लगभग ₹20,27,500
कोरियर फर्म पर भी गिरेगी गाज
पुलिस उपायुक्त (क्राइम) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध देवेंद्र नगर थाने में नारकोटिक्स एक्ट की धारा 22बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब ड्रग्स के ‘सोर्स’ और ‘डेस्टिनेशन’ का पता लगाने के लिए Forward & Backward Linkages की जांच कर रही है। इस मामले में संलिप्त कोरियर फर्म के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़








