चैत्र नवरात्रि: डोंगरगढ़ पदयात्रियों के लिए दुर्ग पुलिस ने बनाया सुरक्षित कॉरिडोर, कुम्हारी से अंजोरा तक 24 घंटे रहेगी पैनी नजर
दुर्ग। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मां बमलेश्वरी के दर्शन हेतु डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। 19 मार्च से 27 मार्च तक लागू होने वाली इस विशेष व्यवस्था के तहत कुम्हारी टोल प्लाजा से लेकर अंजोरा बाईपास तक एक समर्पित ‘पदयात्री सुरक्षित कॉरिडोर’ का निर्माण किया गया है। इस पूरे मार्ग पर यातायात को सुव्यवस्थित रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने मार्ग पर चार विशेष पेट्रोलिंग वाहनों को तैनात किया है, जो चौबीसों घंटे गश्त करेंगे। ये टीमें पीए सिस्टम (लाउडस्पीकर) के माध्यम से पदयात्रियों को लगातार सुरक्षा निर्देश देंगी और उन्हें सड़क के बाईं ओर चलने के लिए प्रेरित करेंगी। पदयात्रियों के लिए निर्धारित मार्ग कुम्हारी टोल से शुरू होकर सिरसा गेट, डबरापारा, पावर हाउस अंडरब्रिज, सेंट्रल एवेन्यू और सेक्टर-09 होते हुए जेल तिराहा, पुलगांव चौक और शिवनाथ नदी ब्रिज के रास्ते अंजोरा बाईपास तक जाएगा, जहाँ से श्रद्धालु राजनांदगांव और डोंगरगढ़ की ओर प्रस्थान करेंगे।
यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी इस दौरान न केवल मार्ग के अवरोधों को हटाएंगे, बल्कि यातायात के सुचारू संचालन में समन्वयकारी भूमिका भी निभाएंगे। दुर्ग पुलिस ने आम जनता, विशेषकर वाहन चालकों और पदयात्रियों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि वे रात के समय रिफ्लेक्टिव सामग्री का उपयोग करें और सड़क पर विश्राम करने से बचें। वहीं, वाहन चालकों को निर्धारित डायवर्सन का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भक्ति के इस पर्व में सुरक्षा और अनुशासन बना रहे।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







