स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. में शक्ति और भक्ति का गरबा आयोजन
माँ का प्रत्येक स्वरूप शक्तियों और गुणों को दर्शाता है : सारिका सिंह
इंदौर मध्य प्रदेश
इंदौर। नवरात्रि की पावन बेला में स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. द्वारा मीडियाकर्मियों एवं परिजनों के लिए एक दिवसीय गरबा महोत्सव शक्ति और भक्ति का आयोजन किया गया। महोत्सव में गायिका सारिका सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कलमकारों ने डांडिया खेले और माता रानी की आरती की।
अभिनव कला समाज सभागार में आयोजित महोत्सव के शुभारम्भ अवसर पर मुख्य अतिथि
सारिका सिंह ने कहा कि नवरात्रि, भारतीय संस्कृति का एक ऐसा महापर्व है, जो न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि यह हमें शक्ति, भक्ति और एकता का संदेश भी देता है। माँ का प्रत्येक स्वरूप विभिन्न शक्तियों और गुणों को दर्शाता है। यह पर्व हमें सिखाता है कि जीवन में हर चुनौती को पार करने के लिए शक्ति, साहस और धैर्य की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि यह पर्व सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इस दौरान लोग उपवास रखते हैं, मंदिरों में भक्ति-भाव के साथ पूजा-अर्चना करते हैं, और एक-दूसरे के साथ मिलकर उत्सव मनाते हैं। गरबा और डांडिया जैसे पारंपरिक नृत्य नवरात्रि की रातों को और भी रंगीन बना देते हैं। ये नृत्य केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि ये हमें सामूहिकता, एकता और खुशी का संदेश भी देते हैं।
सुश्री सिंह ने कहा कि नवरात्रि का एक महत्वपूर्ण पहलू है नारी शक्ति का सम्मान। माँ दुर्गा नारी शक्ति का प्रतीक हैं, जो हमें सिखाती हैं कि नारी में अपार शक्ति और सामर्थ्य है। यह पर्व हमें यह भी याद दिलाता है कि समाज में महिलाओं का सम्मान और उनकी समानता को बढ़ावा देना हम सभी का कर्तव्य है।
श्रेष्ठ गरबा पुरस्कार
स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. द्वारा महोत्सव में श्रेष्ठ गरबा प्रदर्शन के लिए 15 प्रतिभागियों को साड़ियों के पुरस्कार दिए गए। मधु वेद, ऋतु साहू, जया शेट्टी, मनीषा चौहान, सुदिति राजपूत, ख़ुशी श्रीमाल, डॉ. आस्था शुक्ला, आँचल रोकड़े, रिया भट्ट, मीना राणा शाह, प्रीति भारद्वाज, पुष्पा यादव, प्राची जैन, अंजना यादव एवं पूनम खंडेलवाल ने पुरस्कार जीते। इस अवसर पर समस्त प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार, डांडिया एवं दुपट्टे भी भेंट किए गए।
चारभुजानाथ गरबा मंडल की प्रस्तुति
कार्यक्रम में चारभुजानाथ गरबा मंडल के प्रमुख घनश्याम वैष्णव के नेतृत्व में सदस्य रवीना वैष्णव, डिम्पल तिवारी, याशिका राठौर, डॉली चौहान, पियूषी जैन, पायल सांखला एवं नेहा शुक्ला ने माता की आराधना में विशेष प्रस्तुति दी। स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. की तरफ से इन सभी का स्वागत किया गया।
गायिका सारिका सिंह का स्वागत रवि चंवला, अभिषेक बडजात्या, संजय मेहता, रचना जौहरी, सोनाली यादव, बंसीलाल लालवानी, पुष्कर सोनी, प्रो. आर के जैन, शिखा काबरा, अजय भट्ट, अभिषेक सिसोदिया, दीपक माहेश्वरी एवं अक्षय कुमायु ने किया। यशवर्धन सिंह ने सारिका सिंह को सरस्वती माता की मूर्ति भेंट की। नवनीत शुक्ला एवं विजय गुंजाल ने स्मृति चिन्ह भेंट किया। गोविन्द लाहोटी ‘कुमार’ में कैरिकेचर भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने किया। आभार आलोक बाजपेयी ने व्यक्त किया। रिपोर्ट अनिल भंडारी