छुरा पुलिस की कार्रवाई, ₹1.83 लाख का मशरूका जब्त

 

गरियाबंद/छुरा। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में अवैध हीरा, गांजा एवं शराब के परिवहन पर कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 08 नग हीरे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार 22 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QH 5325 में तीन व्यक्ति रसेला-खरखरा मार्ग से अवैध रूप से बहुमूल्य खनिज पदार्थ हीरा का परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने देवरी-धामनडीह तिराहा मोड़ के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका।

 

तलाशी के दौरान लिलेश्वर नायक के कब्जे से 03 नग, हेमकुमार यादव से 03 नग तथा पुरण नायक से 02 नग—कुल 08 नग हीरे बरामद किए गए। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन एवं पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की।

पुलिस के मुताबिक बरामद हीरों की अनुमानित कीमत ₹80 हजार, मोटरसाइकिल की कीमत ₹90 हजार तथा तीन मोबाइल की कीमत ₹13 हजार, इस प्रकार कुल ₹1.83 लाख का मशरूका जब्त किया गया।

 

मामले में बीएनएस की धारा 303(2), 3(5) एवं माइनिंग एक्ट की धारा 21(4), 21(1) के तहत अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

गिरफ्तार आरोपी:

 

1. लिलेश्वर नायक, उम्र 26 वर्ष, मेड़की डबरी, थाना छुरा

 

 

2. हेमकुमार यादव, उम्र 65 वर्ष, सड़क परसुली, थाना गरियाबंद

 

 

3. पुरण नायक, उम्र 33 वर्ष, मेड़की डबरी, थाना छुरा

 

 

 

पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हीरा परिवहन पर शिकंजा कसने का संदेश गया है।

 

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

Leave A Reply

Exit mobile version