पन्ना, मध्यप्रदेश

 

ऋण दिलाने का झांसा देकर 58 महिलाओं से ₹24.69 लाख की धोखाधड़ी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 

पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र में गरीब और भोली-भाली महिलाओं को ऋण दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को दमोह जिले के गैसाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 58 महिलाओं के दस्तावेजों का दुरुपयोग किया और उनके नाम पर स्वीकृत ऋण की राशि दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी। इस पूरे मामले में करीब 24 लाख 69 हजार रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है।

 

दरअसल, 21 जून 2026 को सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड की अमानगंज शाखा की ओर से थाना अमानगंज में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंपनी के तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित फील्ड स्टाफ ने समूह की महिलाओं को ऋण दिलाने का प्रलोभन देकर उनके आधार कार्ड, वोटर कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज हासिल किए।

जांच के दौरान आवेदक सहित समूह की 58 महिला सदस्यों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस जांच में आरोप है कि महिलाओं के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर ऋण स्वीकृत कराया गया और ऋण की रकम उनके खातों में जमा करने के बजाय आरोपियों, उनके रिश्तेदारों और परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर दी गई।

जांच के आधार पर थाना अमानगंज में अपराध क्रमांक 386/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए मामले के मुख्य आरोपी और सोनाटा फाइनेंस की अमानगंज शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक भरत उर्फ भारत निषाद, उम्र 35 वर्ष, निवासी गैसाबाद, जिला दमोह को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिलाओं के दस्तावेज हासिल करने, उनके नाम पर ऋण लेने और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से ऋण की रकम अपने संबंधियों एवं स्टाफ के खातों में डलवाने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 58 महिलाओं के नाम पर करीब 24 लाख 69 हजार रुपये की धोखाधड़ी करना स्वीकार किया है।

 

इस मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। इनमें सोनाटा फाइनेंस के तत्कालीन शाखा प्रबंधक हेमंत पटेल, फील्ड स्टाफ/बीआरओ गुरूप्रसाद कुर्मी और फील्ड बीआरओ स्टाफ ऊषा दहायत शामिल हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही रकम के लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।

 

पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदना सिंह, एसडीओपी श्री राजीव भदौरिया के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी अमानगंज निरीक्षक हेमंत कुमार नायक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस टीम में निरीक्षक हेमंत कुमार नायक सहित उप निरीक्षक ईश्वर सिंह, सउनि कृष्ण कुमार विश्वकर्मा और अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

 

रिपोर्ट संदीप चतुर्वेदी

Leave A Reply

Exit mobile version