डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडोरी। शहपुरा नगर परिषद द्वारा मेहंदवानी रोड पर बनाए गये स्वागत गेट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामले में शिकायतकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा को ज्ञापन सौंपकर नियम विरुद्ध निर्माण, सीमा उल्लंघन और शासकीय राशि के कथित दुरुपयोग की जांच की मांग की है। शिकायत में कई गंभीर बिंदु उठाए गए हैं।
मामले के प्रमुख बिंदु
- पंचायत की राजस्व सीमा में निर्माण
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नगर परिषद शहपुरा ने अपनी भौगोलिक सीमा का उल्लंघन करते हुए ग्राम पंचायत बिजौरी के पोषक ग्राम चरगांव की राजस्व सीमा के भीतर स्वागत गेट का निर्माण करा दिया है। - दो निकायों के बीच बढ़ा सीमा विवाद
पंचायत क्षेत्र में निर्माण होने से नगर परिषद और ग्राम पंचायत के बीच सीमा विवाद की स्थिति निर्मित हो गई है, जिससे प्रशासनिक समन्वय पर सवाल उठ रहे हैं। - राष्ट्रीय महत्व का मार्ग, फोरलेन बनने की घोषणा
मेहंदवानी–शहपुरा मार्ग एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मार्ग है, जो कान्हा और बांधवगढ़ जैसे प्रमुख राष्ट्रीय उद्यानों को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता माना जाता है।
केंद्र सरकार द्वारा इस मार्ग को फोरलेन बनाने की स्वीकृति दी जा चुकी है और जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
- टूट-फूट की आशंका के बावजूद निर्माण
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जब सड़क चौड़ीकरण की योजना पहले से प्रस्तावित है, तब स्वागत गेट का निर्माण कराना सीधे तौर पर शासकीय धन की बर्बादी साबित हो सकता है, क्योंकि फोरलेन कार्य के दौरान इसे हटाना या तोड़ना पड़ सकता है।
सीमांकन कर सच्चाई स्पष्ट करने की मांग
ज्ञापन में राजस्व अमले से मौके पर सीमांकन कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और सीमा विवाद का समाधान करने की मांग की गई है।
उच्च स्तरीय जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ताओं ने फोरलेन योजना की जानकारी के बावजूद निर्माण कराने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले में शासकीय राशि के कथित दुरुपयोग की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग भी प्रशासन से की गई है।







