डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडौरी,
जिले में वन्यजीव संरक्षण को लेकर वन विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वन अपराध प्रकरण क्रमांक 1035/17 के तहत की गई सघन कार्रवाई में विभाग ने शिकारियों के खिलाफ कड़ा अभियान चलाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना अभी भी फरार है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वनमंडलाधिकारी अशोक सोलंकी एवं उपवनमंडलाधिकारी सुरेन्द्र सिंह जाटव के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल सिंह बघेल द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को शिकारियों की पतासाजी और गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
गठित टीम ने सारसताल क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाते हुए योजनाबद्ध तरीके से सुबह लगभग 6:30 बजे अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई में चार में से तीन आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी दरबारी सिंह फरार होने में सफल रहा।
गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत प्रथम व्यवहार न्यायालय एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, डिंडौरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक उदय भान मरावी, वनपाल ईश्वर सिंह परस्ते सहित स्टाफ सदस्य नितेश कुमार धुर्वे, सुनील कोरी, संजय मार्को, मान सिंह मरावी, अनीता धुर्वे एवं गीता पेंद्रो का विशेष योगदान रहा।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें।

