गरियाबंद। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 अगस्त को नालसा की ‘जागृति’ योजना की थीम ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ के अंतर्गत पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास, गरियाबंद में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गरियाबंद के तत्वावधान में आयोजित शिविर में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तथा तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष बी.आर. साहू, फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट की न्यायाधीश श्रीमती गंगा पटेल एवं प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री खुशबू जैन ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां दीं।WhatsApp Image 2026 08 13 at 16.31.06
शिविर में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराध एवं सुरक्षा, निःशुल्क विधिक सहायता और कौशल विकास से जुड़े अधिकारों एवं प्रावधानों की जानकारी दी गई। न्यायाधीशों ने विद्यार्थियों को शिक्षा को सफलता की मजबूत नींव बताते हुए अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी कानूनी समस्या अथवा अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में वे विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही सोशल मीडिया एवं डिजिटल माध्यमों का सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की समझाइश दी गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में छात्रावास अधीक्षक श्री नरेंद्र सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने न्यायाधीशों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कानूनी जागरूकता से ही युवा अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझते हैं और सशक्त समाज के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने भविष्य में भी छात्रावास में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद

Leave A Reply

Exit mobile version