शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी सलीम गिरफ्तार, बतौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बतौली, सरगुजा: जिला पुलिस ने नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर कड़ा रुख अपनाते हुए दुष्कर्म के एक मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने बीते 15 मार्च को थाना बतौली में अपनी नाबालिग पुत्री के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम के सतत प्रयासों से नाबालिग बालिका को रायगढ़ जिले के रैरुमाखुर्द, धरमजयगढ़ से बरामद किया गया। पूछताछ में पीड़िता ने खुलासा किया कि आरोपी सलीम ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले गया, जहाँ उसने पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी सलीम (18 वर्ष), निवासी चरखापारा, धरमजयगढ़ को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद मामले में बीएनएस की धारा 64(2)(एम), 65, 69 और पोक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 जोड़ते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक नारायण मरावी, महिला आरक्षक मेरी क्लोरेट तिर्की, आरक्षक राजेश खलखो, राकेश एक्का, जोगी बड़ा, भगलू राम, संतोष बरवा और सुभाष सक्रिय रूप से शामिल रहे।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







