रायपुर: राजधानी के मौदहापारा थाना क्षेत्र में शादी का प्रलोभन देकर युवती से दुष्कर्म करने और उसका वीडियो बनाकर परिजनों को भेजने का एक गंभीर मामला सामने आया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी टोनी ध्रूव उर्फ मुन्नू के साथ ही इस अपराध में सहयोग करने वाले होटल मैनेजर नितेश कुमार खुंटे को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी टोनी ध्रूव ने उसे जी.ई. रोड स्थित होटल देविका ले जाकर विवाह का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे वीडियो भी तैयार कर लिया, जिसे बाद में पीड़िता के परिजनों को भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि होटल मैनेजर ने नियमों को ताक पर रखकर बिना किसी वैध पहचान पत्र (ID Proof) के कमरा उपलब्ध कराया था, जिसके चलते उसे भी सह-आरोपी बनाते हुए सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
इस घटना के बाद रायपुर पुलिस ने शहर के सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना आईडी प्रूफ के कमरा देना या रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही बरतना सीधे तौर पर अपराध को बढ़ावा देना माना जाएगा। भविष्य में ऐसी किसी भी चूक पर होटल का लाइसेंस निरस्त करने और कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव,
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.

Exit mobile version