b3610ef3 b53a 49a1 91dd 2ce86bec1c5c


जबलपुर। शक्ति जनहित महिला मंडल के तत्वावधान में दिनांक 13 अगस्त को हरियाली तीज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 112 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से एकता, उमंग और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्ष पुष्पा जी ने कहा कि शक्ति जनहित महिला मंडल द्वारा समय-समय पर सामाजिक सेवा के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। उनका उद्देश्य महिलाओं को एक मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को सामने लाना तथा आपसी प्रेम, भाईचारे और खुशियों को बढ़ावा देना है।
सुनीता जी ने कहा कि हरियाली तीज महिलाओं के लिए खुशियों और उत्साह का पर्व है। इस वर्ष 112 महिलाओं के साथ लहरिया उत्सव के रूप में तीज का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में महिलाओं को प्रोत्साहित किया गया तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी प्रस्तुत की गईं।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में कीर्ति पांडे जी को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहीं प्रिया तिवारी जी, जिन्होंने भगवान गोपेश्वर महादेव के स्वरूप पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थित महिलाओं का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम में एक अलग ही रंग भर दिया। अपनी कला, भाव-भंगिमा और चेहरे की मुस्कान के माध्यम से उन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रिया तिवारी जी की प्रस्तुति की सराहना करते हुए आयोजकों ने कहा कि उनकी कला में हर बार एक नया अंदाज और नई ऊर्जा देखने को मिलती है। वे अपनी मुस्कान और प्रतिभा से न केवल स्वयं खुश रहती हैं, बल्कि अपनी प्रस्तुति के माध्यम से आसपास के लोगों के चेहरों पर भी मुस्कान लाने का प्रयास करती हैं।
कार्यक्रम में महिलाओं ने अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य एवं अन्य गतिविधियां प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में महिलाओं का उत्साह और उमंग देखते ही बनता था।
शक्ति जनहित महिला मंडल की ओर से आयोजित यह हरियाली तीज उत्सव महिला एकता, सामाजिक सहभागिता, संस्कृति और खुशियों का सुंदर संगम रहा। 112 महिलाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष रूप से यादगार बना दिया। Reporter Surbhi Jain jila buro Jabalpur

Comments are closed.

Exit mobile version