उप मुख्यमंत्री ने एनआईटी रायपुर में यूथ कॉनक्लेव-कम-नेशनल कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र को किया संबोधित।
रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। देश को युवाओं के ज्ञान, प्रतिभा, नवाचार और सामर्थ्य से बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने युवाओं से अपने तकनीकी ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया।
श्री साव राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर और भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी (आईएनएई) द्वारा आयोजित दो दिवसीय यूथ कॉनक्लेव-कम-नेशनल कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रही है। युवाओं को अपनी योग्यता और नवाचार के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले तथा परियोजना प्रदर्शनी और हैकाथॉन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश सहित विभिन्न संस्थानों के निदेशक, प्राध्यापक और वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
