वरिष्ठ छायाकार सम्मान से नवाजे गए मोहम्मद सलीम, चार दशक की फोटोग्राफी साधना को मिला सम्मान
गरियाबंद। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश फोटोग्राफर वेलफेयर एसोसिएशन एवं जिला गरियाबंद फोटोग्राफर संघ द्वारा फोटोग्राफी के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक समय से समर्पित सेवाएं देने वाले वरिष्ठ छायाकार मोहम्मद सलीम को “वरिष्ठ छायाकार सम्मान” से सम्मानित किया गया। उनके उल्लेखनीय योगदान, अनुभव और फोटोग्राफी कला के प्रति निरंतर समर्पण को देखते हुए संघ ने सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके कार्यों को नमन किया।
मोहम्मद सलीम वर्ष 1983 से गरियाबंद में फोटोग्राफी कला से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अपने हुनर, मेहनत और लगन से न केवल फोटोग्राफी को एक नई पहचान दिलाई, बल्कि बदलते दौर में इस कला को जीवंत बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्षों के अनुभव के साथ उन्होंने अनेक युवा फोटोग्राफरों को मार्गदर्शन देकर इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने की कला नहीं, बल्कि समय, समाज और स्मृतियों को इतिहास के पन्नों में सुरक्षित रखने का माध्यम है। मोहम्मद सलीम ने अपनी लंबी फोटोग्राफी यात्रा में इसी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाया है। उनका अनुभव और कार्यशैली आज भी नई पीढ़ी के फोटोग्राफरों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
जिला गरियाबंद फोटोग्राफर संघ ने उनके योगदान को संघ की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि वरिष्ठ छायाकार मोहम्मद सलीम की चार दशक से अधिक की यात्रा संघर्ष, समर्पण और कला के प्रति जुनून की मिसाल है। यह सम्मान उनके व्यक्तिगत योगदान के साथ-साथ गरियाबंद की फोटोग्राफी जगत की गौरवपूर्ण उपलब्धि भी है।
कार्यक्रम में संघ अध्यक्ष भुनेश्वर सोनी, सचिव निमेष साहू, कोषाध्यक्ष भीम निषाद सहित जिले के अनेक फोटोग्राफर उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने मोहम्मद सलीम को सम्मान के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद
