बीजापुर। पुलिस अधीक्षक बीजापुर श्री उमेश प्रसाद गुप्ता ने लेण्ड्रा-कोरचोली मुठभेड़ में साहस एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सुरक्षा बल के 60 जवानों को केन्द्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया। इस दौरान जवानों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
दिनांक 02 अप्रैल 2024 को थाना गंगालूर क्षेत्रांतर्गत लेण्ड्रा-कोरचोली के जंगल में पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली थी। अभियान के दौरान 03 महिला सहित कुल 13 सशस्त्र वर्दीधारी माओवादियों के मारे जाने की जानकारी पुलिस ने दी थी।
इस अभियान में साहसिक एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स के 50 तथा एसटीएफ के 10 जवानों, कुल 60 जवानों को केन्द्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक के लिए चयनित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता ने सभी जवानों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान अति. पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री रविन्द्र कुमार मीणा, अति. पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री अमन कुमार झा, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अभिषेक केशरी, उप पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री सिद्धार्थ सिंह चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
