रायपुर पुलिस की मानवीय पहल: मेकाहारा के पास अपनों से बिछड़े मासूम को पिंक पेट्रोल ने सुरक्षित मां से मिलाया
रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का एक सुखद उदाहरण सामने आया है। शनिवार को मेकाहारा हॉस्पिटल के पास अपनी मां से बिछड़कर बिलख रहे एक ढाई साल के मासूम को पिंक पेट्रोल यूनिट ने चंद घंटों के भीतर ही उसके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया। इस भावुक मिलन के बाद परिजनों ने रायपुर पुलिस की कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की है।
घटना शनिवार दोपहर की है, जब मध्य जोन की पिंक पेट्रोल यूनिट मेकाहारा अस्पताल के आसपास नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान टीम की नजर ऑटो स्टैंड के पास अकेले रो रहे एक छोटे बच्चे पर पड़ी। बच्चे को घबराया हुआ देखकर पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अपने संरक्षण में लिया। आसपास के ऑटो चालकों से पूछताछ करने पर पता चला कि बालक काफी देर से अपनी मां को ढूंढ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तुरंत इसकी सूचना मेकाहारा अस्पताल चौकी और मौदहापारा थाने को दी।
पुलिस टीम ने धैर्य का परिचय देते हुए बच्चे को संभाला और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी रखी। इसी बीच अस्पताल के भीतर से एक महिला बदहवास हालत में बाहर निकली। पूछताछ में उसने बताया कि वह फिजियोथेरेपी के रजिस्ट्रेशन के लिए बच्चे को बाहर छोड़कर अंदर गई थी, लेकिन प्रक्रिया में देरी होने के कारण बच्चा डर गया और रोते हुए अपनी मां को खोजने निकल पड़ा।
पिंक पेट्रोल की टीम ने उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए आधार कार्ड के जरिए पहचान का सत्यापन किया और मासूम को उसकी मां की गोद में सौंप दिया। अपने कलेजे के टुकड़े को सुरक्षित पाकर मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की इस त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही ने एक बार फिर जनता के बीच खाकी के प्रति विश्वास को मजबूत किया है।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







