रायपुर। राजधानी रायपुर के पश्चिम क्षेत्र (वेस्ट जोन) में पुलिस ने तत्परता और अंतर्ज़िला समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के कुशल मार्गदर्शन और न्यू राजेंद्र नगर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा के प्रभावी नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी हुए 12 चक्का ट्रक को महज 4 घंटे के भीतर आरोपियों सहित दबोच लिया। इस सफल ऑपरेशन में एसीसीयू (ACCU) रायपुर के सहायक उप निरीक्षक मंगलेश परिहार, न्यू राजेंद्र नगर थाने के प्रधान आरक्षक वीरेंद्र चौरे, आरक्षक शाबिर खान सहित महासमुंद और सलीहा पुलिस की विशेष और महत्वपूर्ण भूमिका रही।
होली की छुट्टियों के दौरान हुई थी चोरी
यह मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है, जहाँ प्रार्थिया मीना निर्मलकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका टाटा कंपनी का 12 चक्का ट्रक (क्रमांक CG 07 BC 9172) होली पर्व के कारण काली माता मंदिर के पास खड़ा किया गया था। 6 मार्च की सुबह करीब 4:00 बजे जब ट्रक चालक वीरेंद्र निर्मलकर वहां पहुंचे, तो ट्रक अपने स्थान से गायब था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी संदीप पटेल ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए थे।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिली कामयाबी
थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के साथ-साथ टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के क्रमबद्ध विश्लेषण से पता चला कि आरोपी ट्रक को चलाकर भाग रहे हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनके संभावित मार्ग का पीछा किया और महासमुंद व सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस से समन्वय स्थापित कर सूचनाएं साझा कीं।
आरोपी और 16 लाख का ट्रक बरामद
पुलिस की सघन घेराबंदी के परिणामस्वरूप आरोपियों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलीहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितेश दास उर्फ माइकल (26 वर्ष) और बजरंगी परिहार (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रायपुर के ही निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 16,00,000/- (सोलह लाख रुपये) कीमत का ट्रक जब्त कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में से बजरंगी परिहार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी चोरी के प्रकरण में बाल संप्रेषण गृह माना में निरुद्ध रह चुका है। फिलहाल पुलिस ने दोनों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 103/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







