रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्रतिबंधित नशीली टेबलेट्स के साथ विवेक उर्फ नंदू गिरफ्तार
रायपुर: राजधानी में अवैध मादक पदार्थों के व्यापार के खिलाफ रायपुर पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। रायपुर कमिश्नरेट के वेस्ट जोन अंतर्गत पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने नशीली टेबलेट्स की तस्करी कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) श्री संदीप पटेल (IPS) के विशेष दिशा-निर्देशों के तहत की गई है, जिन्होंने सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सख्त निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 फरवरी 2026 को पुरानी बस्ती थाना पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि महाराज बंद तालाब के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से नशीली टेबलेट्स बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद पीले रंग के थैले से ‘Nitrazepam Tablets Nitrosun 10’ की 14 स्ट्रिप बरामद की गईं। कुल 140 नशीली टेबलेट्स जब्त की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 14,000 रुपये आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान विवेक प्रधान उर्फ नंदू (26 वर्ष), निवासी BSUP कॉलोनी, खमारडीह रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा धारा 94 BNSS के तहत नोटिस दिए जाने पर आरोपी इन प्रतिबंधित दवाओं के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके पश्चात, पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21(ब) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







