रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक सप्ताह में दबोचे गए 162 वारंटी, जेल भेजे गए फरार अपराधी
रायपुर। राजधानी रायपुर के पश्चिम कमिश्नरेट पुलिस ने फरार अपराधियों के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में पिछले एक सप्ताह से चलाए गए विशेष अभियान के दौरान अलग-अलग आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे कुल 162 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और पश्चिम जोन के सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में थानों की विशेष टीमों ने इलाके में सघन तलाशी और दबिश देकर इन अपराधियों को धर दबोचा।web.whatsapp 29 1
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, इस अभियान में 74 स्थायी वारंट और 88 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान टिकरापारा, आजाद चौक, कबीर नगर, राजेंद्र नगर और पुरानी बस्ती सहित कुल नौ थाना क्षेत्रों में प्रभावी घेराबंदी की गई। पकड़े गए आरोपियों में लूट, चोरी, मारपीट, नारकोटिक्स एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी मामलों के अपराधी शामिल हैं, जो पुलिस की आंखों में धूल झोंककर काफी समय से फरार चल रहे थे।
थानावार आंकड़ों पर नजर डालें तो टिकरापारा पुलिस ने सर्वाधिक 38 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि कबीर नगर और राजेंद्र नगर पुलिस ने भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version