रायपुर, 11 मार्च 2026: राजधानी रायपुर के नॉर्थ जोन में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है। रायपुर कमिश्नरेट की टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घेराबंदी कर एक अंतर्राज्यीय तस्कर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 8 किलो 321 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4,16,050/- रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर उरला पुलिस का एक्शन
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत उरला पुलिस को सूचना मिली थी कि बाजार चौक के पास एक युवक गांजा बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उरला की टीम ने तत्काल दबिश दी।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने सुमित वर्मा (19 वर्ष) निवासी उरला को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले से 3 किलो 115 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ उरला थाने में अपराध क्रमांक 86/26, धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
चौकी रामनगर में पकड़ा गया मध्य प्रदेश का तस्कर
इसी कड़ी में दूसरी बड़ी कार्रवाई गुढ़ियारी थाना अंतर्गत रामनगर चौकी में हुई। यहाँ पुलिस ने मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी अनिल अहीरवार (32 वर्ष) को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5 किलो 206 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस अब इस बात की तस्दीक कर रही है कि यह खेप रायपुर में किसे सप्लाई की जानी थी।
फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है। इस मामले में ‘End-to-End’ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए गांजे के स्रोत (बैकवर्ड लिंकेज) और इसे खरीदने वाले नेटवर्क (फॉरवर्ड लिंकेज) का पता लगाया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य स्थानीय नामों का भी खुलासा हो सकता है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़








