डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
रयपुरा में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम, करीब 18.20 लाख रुपये की राशि से विद्यार्थियों को मिला लाभ
डिंडौरी। मेधावी विद्यार्थियों की मेहनत को प्रोत्साहन देते हुए जिले के 126 छात्र-छात्राओं को स्कूटी का लाभ दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेशभर के 74 हजार से अधिक मेधावी विद्यार्थियों के लिए स्कूटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसी क्रम में डिंडौरी जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रयपुरा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में जिले के 126 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई। बताया गया कि योजना के तहत जिले में करीब 18 लाख 20 हजार रुपये की राशि से विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया।
स्कूटी मिलते ही खिले विद्यार्थियों के चेहरे
स्कूटी मिलने के बाद विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने इसे अपनी मेहनत और लगन का सम्मान बताते हुए कहा कि इस तरह का प्रोत्साहन आगे और बेहतर प्रदर्शन करने का हौसला देता है। स्कूटी मिलने से स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और समय की बचत के साथ पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।
शिक्षा में आधुनिक सुविधाएं बढ़ा रही सरकार: रुद्रेश परस्ते
जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते ने कहा कि डिंडौरी जिले में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। रयपुरा विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए टेबल-कुर्सियों सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ कंप्यूटर लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी उपलब्ध कराना भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे विद्यार्थियों को आवागमन में सहूलियत मिलने के साथ पढ़ाई में भी मदद मिलेगी।
प्रतिभा और मेहनत का सम्मान है स्कूटी: विधायक धुर्वे
शाहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी उपलब्ध कराना उनकी मेहनत और प्रतिभा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि डिंडौरी जिले में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आए हैं। जिले में वर्तमान में 79 हायर सेकेंडरी स्कूल हैं, जहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में कंप्यूटर और लैब सहित आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी जिले में सुविधाओं का विस्तार हुआ है। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए पहले लैपटॉप के लिए राशि दी गई और अब मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी का लाभ दिया जा रहा है। विद्यार्थियों के लिए छात्रावास सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी विस्तार किया गया है।
विधायक धुर्वे ने विद्यार्थियों से पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले के छात्र-छात्राएं शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर डिंडौरी का नाम रोशन कर रहे हैं।
विद्यार्थियों ने कहा—सपनों की राह हुई आसान
लाभान्वित विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूटी मिलने से उनकी पढ़ाई की राह आसान होगी। विद्यार्थियों ने इसे अपनी मेहनत का सम्मान बताते हुए कहा कि इससे भविष्य के लक्ष्य हासिल करने के लिए नया उत्साह मिला है।
कार्यक्रम में शाहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, अनुसूचित जनजाति प्रदेशाध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम सहित जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे।
