फोटो- सुप्रिया जैन।
-बहादुरगढ़ नेशनल में 200 मीटर बैकस्ट्रोक में जीता स्वर्ण, 4×50 मीटर रिले में रजत; अब एशियाई चैंपियनशिप में दिखाएंगी दम
नीमच। जिले के तैराकी के इतिहास में पहली बार मास्टर्स वर्ग में नीमच को स्वर्ण पदक आया है। जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि हरियाणा के बहादुरगढ़ में 11 से 13 सितंबर तक हुई नेशनल मास्टर्स तैराकी प्रतियोगिता में सुप्रिया जैन ने 200 मीटर बैकस्ट्रोक में गोल्ड जीतकर यह उपलब्धि अपने नाम की। नीमच की पहली महिला मास्टर्स तैराक के रूप में राष्ट्रीय स्पर्धा में उतरीं सुप्रिया ने 4×50 मीटर रिले में एक रजत पदक भी हासिल किया। अन्य स्पर्धाओं में उनकी पोजीशन चौथे स्थान पर रही। उनके इस प्रदर्शन के आधार पर अब दूसरी एशियाई मास्टर्स तैराकी चैंपियनशिप 2026 के लिए उनका चयन हुआ है।
उक्‍त राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सुप्रिया समेत 4 तैराकों ने मध्यप्रदेश की टीम से हिस्सा लिया। टीम में शामिल सुप्रिया पिता राजकुमार जैन ने एक साथ दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां दर्ज की हैं। वे नीमच से मास्टर्स तैराकी में भाग लेने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं। इससे पहले भी वे राष्ट्रीय स्तर पर नीमच का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी ने कहा कि मास्टर्स वर्ग में नीमच का पहला स्वर्ण पदक मिलना जिले के लिए विशेष उपलब्धि है। सुप्रिया का राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन और इसके बाद एशियाई चैंपियनशिप के लिए चयन तैराकी के क्षेत्र में जिले की बढ़ती पहचान को दर्शाता है।

अब बेंगलुरु में एशियाई चुनौती-

राष्ट्रीय पदक के बाद सुप्रिया का अगला पड़ाव अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा। 4 से 10 अक्टूबर 2026 तक बेंगलुरु में दूसरी एशियाई मास्टर्स तैराकी चैंपियनशिप आयोजित होगी। राष्ट्रीय स्पर्धा में हासिल स्वर्ण पदक के बाद वे इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश और नीमच का प्रतिनिधित्व करेंगी।

तीन तैराक भी रहे टीम का हिस्सा-

बहादुरगढ़ प्रतियोगिता में नीमच जिला तैराकी संघ से राकेश बंसल, मोहनसिंह गेहलोत और मनोज शर्मा ने भी मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व किया। पूरी टीम ने जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी के नेतृत्व में प्रतियोगिता में भाग लिया और उत्‍कृष्ट प्रदर्शन किया।

संघ पदाधिकारियों ने जताई प्रसन्नता-

मध्यप्रदेश तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा, सचिव जय वर्मा और जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी ने उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। जिला तैराकी संघ की ओर से उपाध्यक्ष प्रकाश मंडवारिया, दिलीप डुंगरवाल, कोषाध्यक्ष शरद जैन, सचिव तरुण ओझा, मुकेश चतुर्वेदी, विष्णु मोदी, रामगोपाल मोदी, बंटू बाफना तथा कोच राघवेंद्र सोनी ने भी सुप्रिया के प्रदर्शन को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

जनप्रतिनिधियों ने सराहा–

सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीपसिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, नीमच बॉडी बिल्डिंग अध्यक्ष ज्ञानोदय और स्विमिंग से जुड़े राजा चौरसिया ने भी सुप्रिया के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
————————————–– जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच 9425108115

Leave A Reply