शहडोल मध्य प्रदेश
मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने दी जान, डेढ़ साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
शहडोल (मध्य प्रदेश): गोहपारू थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने वाले फरार आरोपी पवन सिंह कंवर को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला नवंबर 2024 का है, जब नवागांव की रहने वाली अंजना सिंह कंवर का शव घर के पीछे एक कुएं में मिला था। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी पवन सिंह ने मृतिका को इस आत्मघाती कदम के लिए मजबूर किया था।
घटना का विवरण और जांच:
घटना वाले दिन मृतिका अपनी चचेरी बहन के साथ कॉलेज जा रही थी। रास्ते में आरोपी पवन सिंह ने उसे जबरन रोका, उसका हाथ पकड़ा और साथ चलने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती पर पेट्रोल जैसा तरल पदार्थ डालकर उसे जान से मारने की धमकी दी और बुरी तरह डराया। इस घटना से युवती मानसिक रूप से इतनी टूट गई कि उसने उसी शाम बिना किसी को बताए कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी काफी समय से उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था।
साइबर सेल की मदद से छत्तीसगढ़ से गिरफ्तारी, एसपी ने रखा था 5000 का इनाम
घटना के बाद से ही आरोपी पवन सिंह कंवर फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शहडोल द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 5000/- रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी थीं, लेकिन वह अपनी लोकेशन बदल रहा था।
तकनीकी टीम की सफलता:
अंततः, साइबर सेल की सहायता से आरोपी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और टावर लोकेशन को ट्रैक किया गया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में छिपा हुआ है। दिनांक 05.04.2026 को गोहपारू पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को ‘करणी कृपा फैक्ट्री’ (तुमगांव) से धर दबोचा। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मिश्रा, उप-निरीक्षक भागचन्द और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
अजय पाल







