शहडोल मध्य प्रदेश
शहडोल। जिले की बुढ़ार पुलिस और केशवाही चौकी टीम ने एक महिला को प्रताड़ित कर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले कई महीनों से महिला को मानसिक रूप से परेशान कर रहा था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, मृतिका सुनैना कुशवाहा (30 वर्ष), निवासी ग्राम बल बहरा, ने बीती 11 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत भवन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 22/2026 दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
जांच के दौरान साक्ष्यों और गवाहों के बयानों से यह स्पष्ट हुआ कि गांव का ही आरोपी मुरारीलाल सोनी उर्फ मुरारी (33 वर्ष) पिछले 7-8 महीनों से महिला को लगातार परेशान कर रहा था। आरोपी न केवल फोन पर बल्कि सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज करता था और महिला को बदनाम करने की कोशिश कर रहा था। इस निरंतर मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए शहडोल पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। चौकी प्रभारी केशवाही और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुरारीलाल सोनी को 13 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। आज, 14 मार्च 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बुढ़ार के नेतृत्व में केशवाही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गंगा सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक राजभान सिंह, आरक्षक उमेश राठौर और गणेश सिंह की मुख्य भूमिका रही।
अजय पाल







