स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिखाई हरी झंडी, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े व एसपी रत्ना सिंह समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक हुए शामिल
एमसीबी – मनेंद्रगढ़ –
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में जिला प्रशासन की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति के जोश और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर इस यात्रा में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
खेड़िया तिराहे से शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा की शुरुआत खेड़िया तिराहे से हुई। यहां स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राष्ट्रध्वज को नमन किया और यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद हजारों की संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर गुजरी। जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।
बच्चों में दिखा खास उत्साह
तिरंगा यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों की विशेष भागीदारी रही। हाथों में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीतों और नारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए। पूरे शहर में भारत माता की जय, वंदे मातरम् जैसे नारों से वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा। विद्यार्थियों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का संदेश भी दिया।
स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
तिरंगा यात्रा का समापन स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर में हुआ। यहां आयोजित मुख्य कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि भारत की आजादी लाखों वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। अनेक ऐसे क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी रहे, जिनका नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज नहीं हो सका, लेकिन उनके संघर्ष और बलिदान ने देश की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
‘हर घर तिरंगा’ राष्ट्र सम्मान का अभियान
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्षों तक अंग्रेजी शासन ने भारत के संसाधनों, संस्कृति और विकास को प्रभावित किया, लेकिन देश के वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराया। 15 अगस्त 1947 भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिसे प्रत्येक भारतीय को गर्व और सम्मान के साथ याद करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का अभियान है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज का सम्मान करने, संविधान का पालन करने और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।
युवाओं से देश निर्माण में योगदान की अपील
मंत्री ने कहा कि देश का युवा भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा देशभक्ति, अनुशासन और सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ेंगे तो भारत विश्व में और अधिक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
भव्य तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस की निगरानी में यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनाए रखी गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया। मनेंद्रगढ़ में आयोजित यह तिरंगा यात्रा राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान का संदेश देती नजर आई। हजारों लोगों की सहभागिता ने यह साबित किया कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, सम्मान और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है।
रिपोर्ट – योगेन्द्र प्रताप सिंह ब्यूरो चीफ
