भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी विकास की राह: मोहनियां नीम में 4 दिन पुरानी सीसी रोड में आई दरारें

बहोरीबंद, कटनी।

ग्रामीण अंचलों में विकास के दावों की पोल एक बार फिर खुलती नजर आ रही है। जनपद पंचायत बहोरीबंद के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मोहनियां नीम में हाल ही में निर्मित सीमेंट कंक्रीट (CC) रोड निर्माण के महज 4 दिन के भीतर ही दम तोड़ने लगी है। सड़क की सतह पर जगह-जगह आई गहरी दरारें (चिटकन) घटिया निर्माण सामग्री और तकनीकी अधिकारियों की देख रेख में बनाई गई सीसी रोड में लापरवाही की गवाही दे रही हैं।

ग्रामीणों ने लगाये गंभीर आरोप

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है।   यहाँ कंक्रीट सूखने से पहले ही फटने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण के चौथे दिन ही सड़क का यह हाल है, तो पहली बारिश या भारी वाहनों के दबाव में यह पूरी तरह जमींदोज हो जाएगी।

जनता के पैसे की बर्बादी

लाखों रुपये की लागत से बनने वाली इन सड़कों का उद्देश्य ग्रामीणों को कीचड़ और खराब रास्तों से निजात दिलाना होता है। लेकिन मोहनियां नीम में जिस तरह आनन-फानन में कार्य पूर्ण किया गया है, उससे भ्रष्टाचार की बू आ रही है। सड़क पर उभरी ये दरारें न केवल सरकारी खजाने को चूना लगा रही हैं, बल्कि राहगीरों के लिए भी भविष्य में दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।

जांच की उठ रही मांग

क्षेत्र के नागरिकों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत सीईओ से इस निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में लगी सामग्री की गुणवत्ता की लैब टेस्टिंग कराई जाए और संबंधित ठेकेदार व तकनीकी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसे घटिया निर्माण पर अंकुश लग सके।

🖋️ पुलिस वाला न्यूज़ कटनी से पारस गुप्ता की रिपोर्ट

Leave A Reply

Exit mobile version