भक्त माता कर्मा जयंती पर पोटीया में उमड़ा आस्था का सैलाब,
भव्य आयोजन ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा
गरियाबंद। जिला मुख्यालय से दूरस्थ वनांचल क्षेत्र के ग्राम पोटीया में ग्रामीण साहू समाज एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा भक्त माता कर्मा जयंती का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ किया गया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा, जहां हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भक्त माता कर्मा की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुई। इसके पश्चात शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवक-युवतियों और महिलाओं ने भारी संख्या में भाग लिए
आयोजन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने माता कर्मा के जीवन चरित्र एवं उनके त्याग, भक्ति और समाज सेवा के प्रेरणादायक प्रसंगों को साझा करते हुए युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि माता कर्मा केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और संस्कारों की जीवंत प्रेरणा हैं।
इस अवसर पर विशेष रूप से श्री रामचरण साहू, झुमुक लाल साहू, देशराम साहू, राधाबाई साहू, विष्णु साहू, बसंती साहू, रामसिंग साहू, बाबूलाल साहू, दिनेश साहू, राधेलाल साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया,
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण एवं सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई। इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी अनुपम संदेश दिया।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







