इस आयोजन में लगभग 230 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि 50 अभिभावकों एवं 40 से 50 शिक्षकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामयी स्वरूप प्रदान किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, भाषा दक्षता, तार्किक क्षमता एवं नवाचार कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सुदृढ़ समन्वय एवं व्यवस्थाएं
कार्यक्रम की सफलता के पीछे उत्कृष्ट समन्वय एवं सूक्ष्म योजना का विशेष योगदान रहा। कलेक्टर D राहुल वैंकेट महोदय के मार्गदर्शन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर पी मिरे जी के निर्देशानुसार तथा पीएलसी नोडल खुशबू पी दास एवं सूर्योदय सिंह जी के कुशल समन्वय में पूरे आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। विकास खंड शिक्षा अधिकारी श्री विपिन पांडे जी एवं सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी श्री विरेन्द्र पांडे जी के मार्गदर्शन में विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियों का स्पष्ट विभाजन किया गया, जिससे प्रत्येक गतिविधि समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सकी।
प्रतियोगिता स्थलों पर बच्चों के बैठने, समय प्रबंधन, मूल्यांकन तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक गतिविधि के लिए अलग-अलग प्रभारी एवं सहयोगी शिक्षकों की तैनाती की गई, जिससे संचालन में कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
भोजन एवं खान-पान की उत्कृष्ट व्यवस्था
कार्यक्रम में प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के लिए स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। सुबह से लेकर कार्यक्रम की समाप्ति तक नाश्ता एवं पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की गई। भोजन वितरण में स्वच्छता, अनुशासन एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा गया।
सभी प्रतिभागियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार प्रदान किया गया, जिससे बच्चों में पूरे समय ऊर्जा एवं उत्साह बना रहा। पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, छाया एवं विश्राम स्थल की उपलब्धता ने आयोजन को और अधिक सुविधाजनक बना दिया। अभिभावकों एवं शिक्षकों ने विशेष रूप से भोजन व्यवस्था एवं आतिथ्य की सराहना की।
प्रतिभा का प्रदर्शन एवं सराहना
“कबाड़ से जुगाड़” प्रतियोगिता में बच्चों की सृजनात्मकता देखते ही बनती थी, वहीं “डिक्शनरी खोलो” एवं “शब्द से वाक्य बनाइये” गतिविधियों ने भाषा ज्ञान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। “सुडोकू” एवं “मापन” जैसी गतिविधियों ने विद्यार्थियों की गणितीय एवं तार्किक क्षमता को प्रदर्शित किया।
अभिभावकों एवं उपस्थित शिक्षकों ने इस आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी ऐसे नवाचारी एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।
