डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

हितग्राहियों की शिकायत पर जिला पंचायत सीईओ की कार्रवाई, तीन दिन में मांगा लिखित स्पष्टीकरण

डिंडौरी, 4 सितंबर। जनपद पंचायत डिंडौरी के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों में तकनीकी मार्गदर्शन तथा पदीय दायित्वों के निर्वहन में कथित लापरवाही के मामले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने उपयंत्री फिरोज खान को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार संबंधित उपयंत्री के सेक्टर के हितग्राहियों द्वारा निर्माण कार्यों को लेकर शिकायतें की गई थीं।

जारी कारण बताओ नोटिस में उल्लेख किया गया है कि हितग्राहियों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्यों की माप पुस्तिका कार्यालय में रखी जाती है तथा कार्य का मूल्यांकन दर्ज किए जाने के लिए राशि की मांग की जाती है। शिकायत के अनुसार राशि नहीं दिए जाने की स्थिति में माप पुस्तिका का विधिवत संधारण नहीं किया जाता, जिसके चलते मजदूरी एवं सामग्री का भुगतान लंबित रहने की बात सामने आई है।

पदीय दायित्वों में लापरवाही का मामला

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सीईओ ने इसे पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता से जुड़ा मामला माना है। नोटिस में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जारी आदेश-निर्देशों की अवहेलना का भी उल्लेख किया गया है। पत्र में कहा गया है कि संबंधित आचरण वीबी-ग्राम योजना अंतर्गत संविदा सेवा नियमों के प्रावधानों के विपरीत होकर अनुशासनात्मक कार्रवाई के दायरे में आता है।

तीन दिन में देना होगा जवाब

जिला पंचायत सीईओ द्वारा जारी नोटिस में उपयंत्री फिरोज खान को निर्देशित किया गया है कि सूचना पत्र प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित अवधि में जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि ऐसी स्थिति में कार्रवाई की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।

Comments are closed.

Exit mobile version