नशीली गोलियों के साथ आदतन अपराधी शेख साहिल गिरफ्तार, आजाद चौक पुलिस की बड़ी कार्यवाही
रायपुर। राजधानी के पश्चिम जोन पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में थाना आजाद चौक पुलिस ने ईदगाहभाठा मैदान क्षेत्र में घेराबंदी कर अवैध नशीली टेबलेट बेचने वाले आरोपी शेख साहिल को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
पकड़ा गया आरोपी शेख साहिल (25 वर्ष), जो मौदहापारा का निवासी है, लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से प्रतिबंधित ‘Alprazolam’ टेबलेट के 15 पत्ते (कुल 225 नग) और बिक्री की रकम ₹1000/- नकद बरामद की है। आरोपी के खिलाफ थाना आजाद चौक में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शेख साहिल एक अभ्यस्त अपराधी है, जिसके विरुद्ध पहले से ही मौदहापारा, आजाद चौक और कोतवाली थानों में एनडीपीएस एक्ट, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की सख्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
