धमतरी के ग्राम भटगांव में पुलिस सहायता केंद्र का हुआ आगाज़; सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए महिला कमांडो दल तैयार
धमतरी। ग्रामीण अंचलों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस की पहुँच आमजन तक आसान बनाने की दिशा में धमतरी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना रूद्री क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भटगांव में नवीन पुलिस सहायता केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) धमतरी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर इस केंद्र की शुरुआत की। इस केंद्र की स्थापना से अब स्थानीय ग्रामीणों को किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त होगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पहले से अधिक बेहतर होगी।
सुरक्षा के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए इस अवसर पर भटगांव में एक विशेष महिला कमांडो दल का भी गठन किया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा नवगठित दल की महिलाओं को आवश्यक सुरक्षा किट प्रदान की गई, ताकि वे गांव में सामाजिक अपराधों की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। धमतरी पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना और ग्रामीण स्तर पर एक सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है। इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी रूद्री, ग्राम सरपंच, जनपद सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







