दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, महानिरीक्षक सह प्रधान आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल बिलासपुर के श्री मुनव्वर खुर्शीद का नागपुर मंडल दौरा निरीक्षण, उद्घाटन एवं सुरक्षा सम्मेलन का आयोजन संपन्न
दपूमरे, नागपुर मंडल – 01 मार्च 2026
मुनव्वर खुर्शीद, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, द.पू.म. रेलवे, बिलासपुर द्वारा नागपुर मंडल के एक दिवसीय दौरे के दौरान रेसुब सेटलमेंट पोस्ट मोतीबाग, मंडल मुख्यालय कार्यालय, बैरक, शस्त्रागार एवं अन्य इकाइयों का निरीक्षण किया गया।

दौरे के क्रम में मोतीबाग स्थित रेसुब सेटलमेंट पोस्ट में महिला बल सदस्यों हेतु नवनिर्मित चेंजिंग रूम का उद्घाटन कर उसे महिला कर्मियों को समर्पित किया गया। इस अवसर पर दीप चंद्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेसुब नागपुर सहित मंडल के अधिकारी एवं बल सदस्य उपस्थित रहे।
महानिरीक्षक महोदय के मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय आगमन पर मंडल मुख्यालय का निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात रेलवे इंस्टीट्यूट मोतीबाग प्रांगण में “सम्मान गार्ड” द्वारा उन्हें सलामी दी गई, जिसका निरीक्षण भी उन्होंने किया।
इस दौरान आयोजित सुरक्षा सम्मेलन में उन्होंने अधिकारियों एवं बल सदस्यों को संबोधित करते हुए बल के आधुनिकीकरण, ड्यूटी के दौरान आधुनिक चुनौतियों से निपटने हेतु नवीन तकनीकों एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। साथ ही शारीरिक स्वास्थ्य, फिटनेस, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं सूचनाओं के प्रभावी संकलन के महत्व पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया।
महानिरीक्षक महोदय ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों एवं उपलब्धियों की सराहना की। निरीक्षण के क्रम में केन्द्रीय पुलिस बल सुविधा कैंटीन, रेसुब बैरक मोतीबाग, डॉग स्क्वाड तथा सेटलमेंट पोस्ट कार्यालय एवं अभिलेखों का भी निरीक्षण किया गया तथा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले बल सदस्यों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा सभी को इसी प्रकार समर्पण भाव से कार्य करते रहने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
ब्यूरो चीफ शंकर अघिजा
क्राइम रिपोर्टर राजा जनक्यानी







