दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल स्थित मोतीबाग पालिक्लिनिक में रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर एवं जागरूकता अभियान का आयोजन

दपूमरे, नागपुर मंडल – 17 अप्रैल 2026

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. किशोर कुमार के निर्देशन में आज रेलवे क्षेत्र में बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु एक विशेष पहल के अंतर्गत मोतीबाग पालिक्लिनिक में जनरल हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया गया।

इससे पूर्व मोतीबाग, बालीशॉप एवं पंजाबी लाइन, मंगलवारी कॉलोनी क्षेत्रों में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक श्री मुकेश उबनारे द्वारा घर-घर जाकर रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के अभिभावकों को जागरूक किया गया। उन्होंने अभिभावकों को अपने बच्चों के आंख, कान, नाक, गला एवं दांतों की जांच तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण हेतु पालिक्लिनिक मोतीबाग में लाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उनके दैनिक आहार में प्रोटीन एवं विटामिन युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने संबंधी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य शिक्षा भी प्रदान की गई।

उक्त जागरूकता अभियान के परिणामस्वरूप पालिक्लिनिक मोतीबाग में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में कुल 50 बच्चों का परीक्षण किया गया, जिनमें 25 बालक एवं 25 बालिकाएं शामिल थीं। इस दौरान पीडियाट्रिक विशेषज्ञ डॉ. ममता एवं डॉ. लिखिता द्वारा बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. भाग्यश्री ठाकरे ने आंख, कान, नाक एवं गले की विस्तृत जांच की। इसके अतिरिक्त दंत चिकित्सक डॉ. देवेश ओस्वाल द्वारा बच्चों के दांतों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।

शिविर के दौरान चिकित्सकों ने अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वच्छता के महत्व के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की।

रेलवे प्रशासन द्वारा इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता अभियान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर न केवल बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

ब्यूरो चीफ शंकर अघिजा
क्राइम रिपोर्टर राजा जंज्ञानी

Leave A Reply

Exit mobile version