डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडौरी में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक संपन्न, 31 मार्च तक प्रगतिरत योजनाएं पूर्ण करने के सख्त निर्देश
डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित नल-जल योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जिले के स्वीकृत 454 ग्रामों में से 126 ग्रामों में योजनाएं वर्तमान में प्रगतिरत हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन सभी कार्यों को हर हाल में 31 मार्च 2026 तक पूर्ण किया जाए।
लक्ष्य के अनुरूप प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने अधिकारियों से कारणों की जानकारी ली। अधिकारियों द्वारा फसल खड़ी होने के कारण कार्य प्रभावित होने की जानकारी दी गई। इस पर कलेक्टर ने प्रभावित ग्रामों की विस्तृत सूची प्रस्तुत करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दिए, ताकि वैकल्पिक कार्ययोजना बनाकर कार्यों में तेजी लाई जा सके।
कलेक्टर ने न्यूनतम 90 प्रतिशत नल-जल योजनाएं पूर्ण कर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन ग्रामों में जल स्रोत के अभाव में योजनाएं अपूर्ण हैं, वहां नलकूप खनन को प्राथमिकता देने के लिए कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (मैकेनिकल) को शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया।
साथ ही मैकेनिकल संकाय को आवंटित अपूर्ण योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा निरीक्षणकर्ताओं को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बैगा बहुल ग्रामों में नल-जल योजना के सुचारू संचालन हेतु स्थानीय बैगा जनजाति के ऑपरेटर नियुक्त करने के निर्देश भी कलेक्टर द्वारा दिए गए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, कार्यपालन यंत्री अफजल इमामउल्ला खान, उपयंत्री, एसडीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







