दो आरोपी झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार, तलाश में जुटीं पुलिस की टीमें

 

छिंदवाड़ा। थाना देहात पुलिस ने खजरी स्थित शराब भट्टी के पास एटीएम में डकैती की साजिश को समय रहते विफल करते हुए दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। वहीं दो अन्य आरोपी मौके से झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में गंभीर अपराधों में लिप्त बदमाशों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि काराबोह डैम के पास स्थित एक खंडहर में 4-5 युवक तलवार, चाकू, लोहे की रॉड और हथौड़ी लेकर खजरी शराब भट्टी के पास स्थित एटीएम में देर रात डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। साथ ही विरोध करने वालों को जान से मारने की बात भी कर रहे थे।

सूचना मिलते ही थाना देहात पुलिस ने अतिरिक्त बल के साथ घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके से दो आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़ लिया गया, जबकि दो आरोपी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार, एक धारदार चाकू, एक हथौड़ी तथा एक लोहे की रॉड बरामद की है। आरोपियों के विरुद्ध थाना देहात में अपराध क्रमांक 425/2026 के तहत धारा 310(4), 310(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

पूर्व में भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नीरज उर्फ टूटू उईके के विरुद्ध थाना देहात, कोतवाली एवं कुंडीपुरा में संपत्ति संबंधी चोरी के चार मामले पहले से दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी

नीरज उर्फ टूटू उईके (18), निवासी ढीमराढाना, छिंदवाड़ा

राहुल टेकाम (19), निवासी ढीमराढाना, थाना देहात, छिंदवाड़ा

एक विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग)

कार्रवाई में विशेष भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक हर्ष नागले, सहायक उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अशोक रघुवंशी, टीकाराम उईके, आरक्षक सूरज चौहान, शेरसिंह रघुवंशी, उमेश उईके, सीताराम उईके तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक नितिन ठाकुर एवं आदित्य की विशेष भूमिका रही।

ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला PRESS _अमित मिश्रा

Leave A Reply

Exit mobile version