उचित मूल्य दुकान कौड़ियां में वितरण व्यवस्था पर उठे सवाल, सरपंच पति से की शिकायत

कटनी

बहोरीबंद। जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत कौड़ियां स्थित उचित मूल्य दुकान में पिछले चार-पांच माह से राशन वितरण नहीं होने का मामला सामने आया है। राशन नहीं मिलने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वे कई बार उचित मूल्य दुकान के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें राशन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, पात्र परिवारों को शासन की ओर से मिलने वाले खाद्यान्न के लिए बार-बार उचित मूल्य दुकान पर पहुंचना पड़ रहा है। दुकान पर पहुंचने के बाद भी उन्हें राशन वितरण को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

सरपंच पति से की शिकायत

राशन वितरण में हो रही परेशानी को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच पति से शिकायत कर समस्या के निराकरण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन जैसी मूलभूत सुविधा के लिए उन्हें बार-बार परेशान होना पड़ रहा है। कई परिवारों के सामने खाद्यान्न की व्यवस्था को लेकर परेशानी खड़ी हो रही है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कराकर पात्र हितग्राहियों को लंबित राशन का वितरण कराने की मांग की है। साथ ही उचित मूल्य दुकान की वितरण व्यवस्था की भी जांच किए जाने की मांग उठाई है।

कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर बैठकर प्रदर्शन की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का निराकरण नहीं किया गया और पात्र हितग्राहियों को राशन उपलब्ध नहीं कराया गया, तो वे सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित मूल्य दुकान संचालक की व्यवस्था की जांच और लंबित राशन वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और पात्र परिवारों को कब तक उनका राशन मिल पाता है ।

पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से पारस गुप्ता की रिपोर्ट

Leave A Reply

Exit mobile version