डिंडौरी मध्यप्रदेश

ग्रामीण परिवेश से निकलकर रचा सफलता का इतिहास, बेटियों के लिए बनी प्रेरणास्रोत

शहपुरा। डिंडोरी जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत छोटे से ग्राम जिमरा की बेटी पूजा झारिया ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर वह मुकाम हासिल किया है, जो आज पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है। पूजा झारिया ने एमबीबीएस परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर डॉक्टर बनने का सपना साकार किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

पूजा झारिया पिता ओमप्रकाश झारिया एवं माता सुनीता झारिया की सुपुत्री हैं। उन्होंने वर्ष 2021 में नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर मेडिकल कॉलेज जबलपुर में प्रवेश प्राप्त किया था। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश की चुनौतियों के बावजूद पूजा ने कभी हार नहीं मानी और लगातार कठिन परिश्रम करती रहीं। आखिरकार मई 2026 में घोषित एमबीबीएस परीक्षा परिणाम में सफलता प्राप्त कर उन्होंने अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन कर दिया।

पूजा की सफलता आज ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए एक नई उम्मीद और प्रेरणा बनकर सामने आई है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है। गांव के लोगों का कहना है कि पूजा ने न केवल अपने माता-पिता का सपना पूरा किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र की बेटियों के हौसले को नई उड़ान दी है।

पूजा झारिया की इस उपलब्धि पर परिजनों, ग्रामीणों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई है कि पूजा भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनकर समाज सेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

रिपोर्ट अखिलेश झारिया

Leave A Reply

Exit mobile version