रायपुर: राजधानी के थाना सिटी कोतवाली अंतर्गत गांधीनगर कालीबाड़ी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और चाकूबाजी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीसीपी सेंट्रल जोन और डीसीपी क्राइम के कुशल निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) तथा सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गांधीनगर बस्ती में रहने वाले मोहित निहाल और अभिषेक सोनी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 15 मार्च 2026 की रात लगभग 9:00 बजे जब अभिषेक सोनी अपने भाई के साथ धनराज किराना दुकान के पास बैठा था, तभी आरोपी विक्रम बघेल, अभिषेक गुप्ता, अभिषेक बघेल उर्फ जादू और मोहित निहाल अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया। आरोपियों ने अभिषेक सोनी और उसके साथी समीर बघेल पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई अभिषेक की बहन गुड्डी बघेल भी घायल हो गई। पुलिस के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।
सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं, जिनमें हत्या का प्रयास (109-1) भी शामिल है, के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। डीसीपी सेंट्रल जोन और डीसीपी क्राइम के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर तीन संदिग्धों को दबोच लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
नशे के सौदागरों पर भी पुलिस का कड़ा प्रहार
इसी कड़ी में रायपुर पुलिस कालीबाड़ी, नेहरू नगर और गांधीनगर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध भी ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपना रही है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में क्षेत्र के कुख्यात तस्कर रवि साहू, अनिल जुल्फेकार और संजय जुल्फेकार समेत 6 आरोपियों को न्यायालय ने 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास और भारी अर्थदंड से दंडित किया है। वहीं, 26 फरवरी को नेहरू नगर के कुख्यात तस्कर मुकेश बानिया और उसके गिरोह को भी हथियारों व नशीले पदार्थों के साथ जेल भेजा गया है। डीसीपी सेंट्रल जोन एवं डीसीपी क्राइम ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों और नशा तस्करों पर पुलिस की पैनी नजर है और आने वाले दिनों में ऐसी ताबड़तोड़ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
Trending
- स्लीमनाबाद पुलिस को गुमशुदा नाबालिग बालिका को दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त हुईं।
- गांधीनगर में चाकूबाजी के तीन आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुलिस की संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई
- गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्यवाही 34 प्रकरणों में 560.680 किलो से अधिक मादक पदार्थ गांजा और 190 नशीली टेबलेट का कराया गया, नष्टीकरण।
- कल कांग्रेस का विधानसभा घेराव, इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक जाम
- रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता: ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर करोड़ों की ठगी करने वाला मुख्य आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार
- रक्षक बना भक्षक: खाली ट्रैक्टर को रेत परिवहन में फंसाने की धमकी देकर आरक्षक ने ऐंठे रुपए, एसपी से शिकायत
- रायपुर/नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ कैडर के प्रखर और विजनरी आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सेवाएं देंगे।
- ❗दमुआ में दर्दनाक हादसा: रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटा, तीन युवकों की दबकर मौत







