गरियाबंद — जिले में शांति, सुरक्षा एवं जनविश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा ‘‘संवाद’’ कार्यक्रम के अंतर्गत घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम अमली एवं ग्राम राजाडेरा में कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सिरमौर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं सुरक्षा संबंधी चिंताओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग ही नक्सलवाद जैसी चुनौतियों से निपटने का सबसे मजबूत आधार है। पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और क्षेत्र के समग्र विकास में सहभागी बनकर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, साइबर अपराध से बचाव, नशा उन्मूलन एवं नक्सल गतिविधियों से दूर रहने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने, शिक्षा एवं रोजगार के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।
कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत बच्चों एवं ग्रामीणों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने हेतु संवाद, प्रेरणात्मक चर्चा एवं जनहितकारी संदेश दिए गए। ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास जताते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, थाना एवं चौकी स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। गरियाबंद पुलिस का यह प्रयास नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास और विश्वास की नई मिसाल स्थापित कर रहा है।
जिला ब्यूरो नेहरू साहू गरियाबंद







