पर्यटन, शिक्षा और अधोसंरचना विकास पर रहेगा विशेष फोकस; केंद्रीय विद्यालय व आधुनिक पुस्तकालय के लिए होगी पहल

ईको पार्क का होगा कायाकल्प, निर्माणाधीन सड़कों में तेजी और स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर सख्त जोर

 

गरियाबंद, 24 अगस्त 2026। नवपदस्थ कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिले के पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक में गरियाबंद के विकास की प्राथमिकताओं और प्रशासन की कार्ययोजना को लेकर स्पष्ट दिशा तय की। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और विकास कार्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से उतारना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

कलेक्टर शर्मा ने प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय को लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती बताते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।

पर्यटन बनेगा विकास का नया आधार

गरियाबंद की प्राकृतिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को रेखांकित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन स्थलों के विकास, सुविधाओं के विस्तार और व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि गरियाबंद को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिल सके।

जिला मुख्यालय स्थित ईको पार्क के पुनर्विकास की भी योजना है। इसे आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप देकर नागरिकों के साथ पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव की पहल

कलेक्टर शर्मा ने शिक्षा को जिले के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण नींव बताते हुए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही। साथ ही विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुस्तकालय स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सिर्फ भवन और संसाधन पर्याप्त नहीं, बल्कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने, नियमित कक्षाएं लेने और विद्यार्थियों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जाएंगे।

सड़कों की गुणवत्ता और अधूरे कार्यों पर नजर

जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन सड़कों के कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने पर

 भी कलेक्टर ने जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गति के साथ गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाएगी। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और समयबद्ध पूर्णता के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

कलेक्टर ने कहा कि बेहतर सड़क, मजबूत अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विकसित पर्यटन सुविधाएं मिलकर गरियाबंद के विकास को नई गति देंगी।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, जिला जनसंपर्क अधिकारी हेमनाथ सिदार सहित जिले के पत्रकार, संवाददाता एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

 

Leave A Reply

Exit mobile version