खरोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 250 श्रद्धालुओं की जान जोखिम में डालकर दौड़ रहे ट्रेलर को पकड़ा, मानवीय चेहरा दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित घर भेजा

 

​रायपुर (खरोरा)। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी अनहोनी को टालते हुए मालवाहक वाहन में असुरक्षित तरीके से यात्रा कर रहे सैकड़ों लोगों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुँचाया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के कड़े दिशा-निर्देशों पर जिले में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान खरोरा पुलिस ने एक ट्रेलर को जब्त किया है, जिसमें क्षमता से कहीं अधिक लगभग 250 यात्री सवार थे। इस पूरी कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला (ग्रामीण) के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के करीबी पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी के.के. कुशवाहा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

​घटना बीते शुक्रवार की रात करीब 8:00 बजे की है, जब खरोरा के तिगड्डा चौक पर नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ट्रेलर क्रमांक CG 04 PP 8113 को रुकवाया गया, जिसे देखकर पुलिस टीम दंग रह गई। माल ढोने वाले इस वाहन में करीब 200 से 250 लोग ठूस-ठूस कर भरे हुए थे। पूछताछ में पता चला कि ये सभी यात्री बेमेतरा जिले के ग्राम बहेरघर के निवासी हैं, जो रायगढ़ स्थित मां चंद्रहासिनी देवी के दर्शन कर लौट रहे थे। ट्रेलर चालक शोभित राम निषाद न केवल वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था, बल्कि टोकने पर उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार और आक्रामक व्यवहार भी किया।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के.के. कुशवाहा ने तत्काल मोर्चा संभाला। मौके पर मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत अध्यक्ष और पार्षदों ने भी पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना की। स्थानीय लोगों ने पूर्व में बंगोली के पास हुई उस दर्दनाक सड़क दुर्घटना को याद किया जिसमें 13-14 मासूमों की जान चली गई थी और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

​कार्रवाई के साथ-साथ खरोरा पुलिस का मानवीय पक्ष भी सामने आया। रात के समय यात्रियों को बीच रास्ते में परेशान न होना पड़े, इसके लिए पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की। पुलिस ने अपनी देखरेख में 2 बसों और 5 क्रूजर वाहनों का इंतजाम किया और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गृह ग्राम बहेरघर के लिए रवाना किया। पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर आम जनता से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version